
लहर इंडिया 21 जून अम्बाला राजेश कुमार
अम्बाला, हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पीडब्लूडी एवं वास्तुकला मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने शुक्रवार को अम्बाला के पुलिस लाईन ग्राउंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज पूरा विश्व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। योग विद्या भारत के ऋषि- मुनियों की अमूल्य धरोहर है। अनादिकाल से परम्परा द्वारा योग चला आ रहा है। इस अवसर पर करीब 5 हजार से ज्यादा ने एक साथ योग किया, जिसमें बच्चे, पुरूष व महिलाएं शामिल थी। अम्बाला की डिविजनल कमिश्नर डा0 रेनू एस फुलिया व डीसी डॉ.शालीन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जम्मू-कश्मीर से योग दिवस पर अपना संबोधन दिया। मंच से संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं है, बल्कि स्वयं के साथ विश्व और प्रकृति के साथ जुडऩे का भाव है। योग हमारी जीवन शैली में परिवर्तन लाकर हमारे अन्दर जागरूकता उत्पन्न करता है। योग एवं ध्यान से व्यक्ति का शरीर व मन स्वस्थ रहता है। शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ मनुष्य ही देश के विकास में भागीदार हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रयासों से 11 दिसम्बर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 193 सदस्यों में रिकॉर्ड 177 सह-समर्थक देशों के साथ 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का संकल्प सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इसी दिशा में हरियाणा सरकार वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 21 जून को योग दिवस का आयोजन कर योग को जनमानस तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि हरियाणा में योग को बढ़ावा देने हेतू हरियाणा योग आयोग का गठन किया गया है। आयुष योग सहायकों और आयुष योग साधकों की नियुक्ति की जा चुकी है। आयुष विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत जिला स्तर पर आयुष विंग स्थापित किये गए है, जिनमें योग विशेषज्ञों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त हरियाणा राज्य में गांव देवरखाना, जिला झज्जर में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने हेतु भारत सरकार के सहयोग से पोस्ट ग्रेजुएट योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एवं रिसर्च संस्थान स्थापित किया जा चुका है। भारत का प्रथम आयुष विश्वविद्यालय कुरूक्षेत्र में स्थापित किया जा चुका है। पंचकूला में भारत सरकार के सहयोग से राष्ट्रीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक शिक्षा संस्थान की स्थापना की जा रही है। राज्य में सभी आयुर्वेदिक औषधालयों को आयुष हैल्थ एण्ड वैलनेस सेंटर में अपग्रेड किया जा रहा है।डीसी डॉ. शालीन ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन पद्धति है। हमें हर दिन योग व प्राणायाम करना चाहिए।नियमित रुप से योग करके हम अपने आपको स्वस्थ रख सकते हैं। यह हमारे लिए गौरव की बात है कि न केवल हमारे देश बल्कि विश्वभर में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।अम्बाला के इस जिलास्तरीय कार्यक्रम में पुरुष, महिलाओं के साथ-साथ बच्चे व बुजुर्ग भी हिस्सा ले रहे हैं। हर कोई योग के महत्व को समझता है। भावी पीढ़ी को भी योग को आगे लेकर जाना हैजिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शशिकांत शर्मा ने बताया कि योग दिवस के मौके पर अम्बाला शहर के पंचायत भवन में योग स्वयं एवं समाज के लिए विषय पर सेमिनार का भी आयोजन किया गया। इस सेमिनार में भारतीय योग संस्थान की तरफ से विशाल वर्मा, ब्रह्मकारी संस्थान की ओर से बीके शैली और आर्ट आफ लिविंग की ओर से रोहित आहुजा ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। इस कार्यक्रम में 100 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया और मुख्य वक्ताओं के विचारों को सुनाछात्रों ने किया योगजिलास्तरीय योग कार्यक्रम में मुख्य मंच से छात्रों के एक ग्रुप ने अलग-अलग योग विधाएं करके दिखाई। वहीं आयुष विभाग की योग सहायक नीरू अग्रवाल और विशाल वर्मा ने मौजूद सभी लोगों को योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित करके कार्यक्रम का विधिवत रूप से शुभारंभ किया।इस मौके पर एसपी जशनदीप सिंह रंधावा, एडीसी अपराजिता, एएसपी श्रृष्टि गुप्ता, सीईओ जिला परिषद नवीन आहूजा, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, संजीव गोयल टोनी, गुरविन्द्र सिंह माणकपुर, सचिव आरटीए सुशील कुमार, एसडीएम दर्शन कुमार, सीटीएम विश्वजीत सिंह, रेडक्रॉस सचिव विजय लक्ष्मी, आयुष विभाग से डॉ. सतपाल, डॉ. शैफाली, डॉ. निधि शर्मा, डॉ. रंजना वर्मा, डॉ. राजकुमार, डीईओ सुरेश कुमार, डीडीपीओ दिनेश शर्मा, डीएसओ डा0 प्रवीन कुमार, डिप्टी सिविल सर्जन डा0 बलविन्द्र कौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। योग विशेषज्ञ संदीप मलिक ने कार्यक्रम का मंच संचालन किया।
No comments:
Post a Comment